सोलन ज़िला के विकास खण्ड कुनिहार में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 26, 28 और 30 मई 2026 को विभिन्न ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। वहीं पंचायत समिति और ज़िला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई 2026 को संबंधित खण्ड मुख्यालयों में होगी।
प्रशासन की ओर से मतदान और मतगणना के दौरान संबंधित क्षेत्रों में ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है। आदेशों के तहत मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले और मतगणना दिवस तक किसी भी होटल, ढाबे, दुकान या सार्वजनिक स्थल पर शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जानकारी के अनुसार विकास खण्ड कुनिहार की कई पंचायतों में 26 मई को मतदान होगा, जबकि दूसरी सूची की पंचायतों में 28 मई और शेष पंचायतों में 30 मई को वोट डाले जाएंगे। ग्राम पंचायत प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित पंचायत मुख्यालयों में की जाएगी।
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव में सहयोग करने की अपील की है। पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां भी लगातार बढ़ती दिखाई दे रही हैं। उम्मीदवारों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है और गांव-गांव चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है।
कुनिहार क्षेत्र में होने वाले इन पंचायत चुनावों पर पूरे सोलन ज़िले की नजर बनी हुई है, क्योंकि इस बार कई पंचायतों में मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।
