हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िला में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चायल से कंडाघाट की ओर जा रही एक कार दोची के समीप अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
इस दर्दनाक हादसे में शिमला ज़िला के कोटी क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय पूजा जी का दुखद निधन हो गया। वहीं कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज IGMC शिमला में जारी है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री Colonel Dhani Ram Shandil IGMC शिमला पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी ली तथा घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना भी की।
