सोलन ज़िला के विकास खण्ड धर्मपुर में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने 26, 28 और 30 मई 2026 को होने वाले पंचायत चुनावों तथा 31 मई को मतगणना के मद्देनज़र संबंधित क्षेत्रों में ‘ड्राई डे’ घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले तथा मतगणना दिवस पर किसी भी होटल, ढाबे, मदिरालय, दुकान या सार्वजनिक एवं निजी स्थानों पर शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत आंजी मातला, बनसार, धर्मपुर, कोट बेजा, कोटी नाम्ब, नाहरी, नारायणी, निचली गांगुड़ी और टकसाल में 26 मई को मतदान होगा। वहीं चामियां, चम्मों, गनोल, हुडंग, जंगेशु, कसौली गड़खल, प्राथा, सनवारा और अम्बोटा पंचायतों में 28 मई को वोट डाले जाएंगे।
इसके अलावा गड़खल सनावर, गुलहारी, जाबली, कोट, कोटला, मेहलों, रौरी और कामली पंचायतों में 30 मई 2026 को मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्य, उप प्रधान और प्रधान पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित पंचायत मुख्यालयों में की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पंचायत समिति और ज़िला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे से संबंधित खण्ड मुख्यालयों में शुरू होगी। चुनाव परिणामों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Ut elit tellus, luctus nec ullamcorper mattis, pulvinar dapibus leo.
