सोलन जिला के विकास खण्ड कण्डाघाट में पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने पंचायत चुनाव और मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन की ओर से 26 मई, 28 मई, 30 मई तथा 31 मई 2026 को संबंधित क्षेत्रों में ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है। इस दौरान होटल, ढाबों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार विकास खण्ड कण्डाघाट की ग्राम पंचायत बाशा, देलगी, दंघील, कनैर, नगाली, सिरीनगर, सायरी, तुन्दल, वाकना और बशील में 26 मई 2026 को मतदान होगा।
इसके अलावा बांजणी, बीशा, छावशा, हिन्नर, जधाणा, मही, ममलीग, पौधना, सकोड़ी और घाट कुम्हाला पंचायतों में 28 मई 2026 को वोट डाले जाएंगे।
वहीं चायल, झाझा, काहला, क्वारग, कोट, रहेड, सैंज और सतडोल पंचायतों में 30 मई 2026 को मतदान संपन्न कराया जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि ग्राम पंचायत प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित पंचायत मुख्यालयों पर की जाएगी। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे से संबंधित खण्ड मुख्यालयों में होगी।
कण्डाघाट क्षेत्र में पंचायत चुनावों को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है और प्रशासन सुरक्षा एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है।
