एच डी शर्मा , चंडी : गणपति एजुकेशन सोसाइटी कुनिहार द्वारा नंदिनी प्रोजेक्ट के तत्वाधान में वीएसएलएम अध्यापक शिक्षण महाविद्यालय चंडी के सभागार में माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जन चेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गणपति एजुकेशन सोसाइटी के निर्देशक रोशन लाल शर्मा ने बताया कि यह आयोजन नंदिनी प्रोजेक्ट के मार्गदर्शन में “लर्निंग एंड शेयरिंग” थीम के तहत गणपति एजुकेशन सोसाइटी कुनिहार और वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड बद्दी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड स्वास्थ्य अधिकारी चंडी गुरमेल सिंह उपस्थित रहे। वहीं वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड बद्दी के प्रबंधक वीरेंद्र शर्मा, सीएसआर प्रभारी संदीप गुलेरिया, डॉ. दमन आहूजा, संस्थापक अध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा, सचिव चंद्र मोहन शर्मा, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य के.के. यादव, दर्शन शर्मा, रेखा शर्मा तथा राज मणि शर्मा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं ने माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर अपने विचार साझा किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लघु नाटिकाओं और समूह गान के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया।

वक्ताओं ने किशोरावस्था के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी साझा करते हुए सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों और भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, सरकारी एवं निजी स्कूलों के शिक्षकों तथा बीएड और डीएलएड प्रशिक्षुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सोलन पंचायत चुनाव: 26, 28 और 30 मई को ड्राई डे

error: Content is protected !!