श्री सत्य साईं सेवा संगठन हिमाचल प्रदेश एवं सोलन के मार्गदर्शन में श्री सत्य साईं सेवा समिति कुनिहार द्वारा कोठी पंचायत के गांव लोहारा में “साईं तरु” एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने औषधीय एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
समिति के संयोजक देवी दत्त परिहार ने बताया कि श्री सत्य साईं बाबा के सार्वभौमिक संदेश “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो” तथा “मानव सेवा ही माधव सेवा है” के सिद्धांतों पर समिति निरंतर सामाजिक कल्याण एवं मानव उत्थान के कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पौधारोपण कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में सहायक हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित करते हैं। समिति के सदस्य पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और देखभाल के लिए भी संकल्पबद्ध हैं।
श्री सत्य साईं सेवा समिति कुनिहार हर वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में समिति के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत कार्य को सफल बनाया।
