राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला-2026 की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत किया।

इस अवसर पर दून के विधायक राम कुमार चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. शांडिल ने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला केवल सोलन ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ शूलिनी मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने से इसकी पहचान पूरे देश में और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि मेले को अधिक भव्य, आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इससे पूर्व माँ शूलिनी मेला समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का हिमाचली परंपरा के अनुसार स्वागत एवं सम्मान किया।

पहली सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं कुमार साहिल, नितिश राजपूत, तनूरा डांस ग्रुप तथा स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया।

कार्यक्रम में जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिव कुमार, संजीव ठाकुर, हिमाचल प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी सक्षम शर्मा, पुलिस अधीक्षक तिरुमला राजू एस.डी. वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त एकता कापटा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!