जोगिन्द्र प्रकाश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि सोलन ज़िला में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सोलन के निर्देशानुसार प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सहित सोलन ज़िला में ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य, उप प्रधान, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य तथा ज़िला परिषद सदस्य के लिए मतदान 26 मई, 28 मई और 30 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। मतदान सुबह 07:00 बजे से लेकर सायं 03:00 बजे तक होगा।

चुनाव प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार वार्ड सदस्य के लिए सफेद रंग का मतपत्र, उप प्रधान के लिए पीले रंग का मतपत्र, प्रधान पद के लिए हल्के हरे रंग का मतपत्र, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र तथा ज़िला परिषद सदस्य के लिए नीले रंग का मतपत्र तय किया गया है।

प्रशासन का मानना है कि अलग-अलग रंग के मतपत्रों से मतदाताओं को मतदान के दौरान सुविधा मिलेगी और भ्रम की स्थिति कम होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और विभिन्न पंचायतों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

ज़िला पंचायत अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी ग्राम पंचायत के निर्धारित मतदान दिवस पर मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें। पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन सुरक्षा, मतदान व्यवस्था और मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

सोलन में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज, 3.52 लाख मतदाता करेंगे मतदान

error: Content is protected !!