आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज कथेड़ स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के भंडारण कक्ष का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भंडारण कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था, सीलिंग, निगरानी प्रणाली तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिव दत्त ठाकुर एवं कंचन राणा, भारतीय जनता पार्टी के चंद्रकांत एवं विजय ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी की सुनीता चंद्रा तथा नायब तहसीलदार निर्वाचन संजीव कुमार उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा के लिए निर्वाचन आयोग के सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय बनी रहे।


