राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुनिहार में जिला स्कूल खेलकूद संघ (DSSA) की जोन स्तरीय बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में अर्की और रामशहर जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ब्लॉकों एवं विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आगामी जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों और आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बीपीओ अर्की राज कुमार गौतम ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार करना तथा विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। कार्यक्रम में उप निदेशक स्कूल शिक्षा (उच्चतर) गोपाल चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में एडीपीओ हेम राज, बीपीओ श्वेता गुप्ता, मनोरमा, DSSA सदस्य राज कुमार पाल, धर्मपाल, महेन्द्र राठौर, सुभाष, सुरेन्द्र, विद्यालय के प्रधानाचार्य हेम राज गौर, बिमला वर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक और शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन ईशान भाटिया ने किया। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। एडीपीओ हेम राज और अन्य DSSA सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीपीओ हेम राज ने आगामी खेल प्रतियोगिताओं की संभावित तिथियों, आयोजन स्थलों और आवश्यक तैयारियों की जानकारी साझा की। वहीं DSSA सदस्य एवं डीपीई राज कुमार पाल ने प्राथमिक और उच्चतर स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन संबंधी विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि गोपाल चौहान ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और जिम्मेदारियों का टीम भावना एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए जलपान एवं भोजन की भी उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। यह बैठक आगामी जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


