जनगणना-2027 को सफल और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला सोलन में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सटीक रूप से पूरा करने में प्रशिक्षण कार्यक्रम की भूमिका बेहद अहम होती है।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में नियुक्त 38 फील्ड ट्रेनरों को तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने सभी ट्रेनरों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण को गंभीरता से समझें ताकि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मनमोहन शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना से जुड़ी सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे जनगणना अधिकारियों को सही और पूर्ण जानकारी प्रदान करें, जिससे यह प्रक्रिया सटीक रूप से पूरी हो सके।

इस बार जनगणना-2027 में एक नई पहल के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रणाली शुरू की जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक वेब पोर्टल www.census.gov.in@se पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया और अधिक सरल और पारदर्शी बनेगी।

प्रशिक्षण शिविर में राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के डॉ. नरेश और राजकीय महाविद्यालय सोलन की रूपा कैथ ने फील्ड ट्रेनरों को विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, जनगणना प्रभारी कोमल गर्ग और प्रियंका भारद्वाज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!