राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : कुनिहार के बी० एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में सदनों का 31वां शपथ समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमामयी वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक थाना प्रभारी पुलिस थाना कुनिहार महेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पुलिस विभाग से नारायण दास और बालक राम भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ सदनों की प्रभारी शिवानी शर्मा द्वारा मंच संचालन के साथ किया गया। विद्यालय की बैंड पार्टी ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत कर पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने साहा सदन, भाभा सदन, बोस सदन और रमन सदन के विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉस पीटी, समूह गान और योग क्रियाओं ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि को मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व और जिम्मेदारी के महत्व को समझने का संदेश दिया। सदनों की प्रभारी शिवानी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय कप्तान के रूप में चैतन्य और सुम्रिता ठाकुर का चयन किया गया है। इसके साथ ही खेल, संगीत, अनुशासन, एनएसएस, एनसीसी, डिजिटल और इको क्लब सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए भी विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक व्यवहार, आत्मनिर्भरता और बड़ों के सम्मान जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायक साबित हुआ।

कुनिहार में NCC भर्ती सम्पन्न, 25 कैडेट्स चयनित

BL Central School ने रचा इतिहास, 12वीं में 100% रिजल्ट

error: Content is protected !!