राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : Himachal Pradesh Board of School Education द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में BL Central Public Senior Secondary School के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे स्कूल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा Gargi Sharma ने 700 में से 671 अंक प्राप्त कर 95.85 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं Sameeksha Joshi और Aakriti ने 669 अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा Vanshika Sheikh ने 658 अंक लेकर तीसरा, Tanya ने 654 अंक लेकर चौथा तथा Kumar Manglam ने 649 अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान हासिल किया। विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया। विद्यालय अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना ही स्कूल की प्राथमिकता रही है।
विद्यालय पिछले लगातार 31 वर्षों से उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देते हुए हिमाचल प्रदेश में ए ग्रेड की पहचान बनाए हुए है। स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर अध्यापकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई तथा सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
