हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कई इलाकों के लिए बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 12 और 13 मई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में छिटपुट स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि 10 मई से सक्रिय हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके असर से 11 मई से 14 मई तक प्रदेश के निचले, मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब बना रह सकता है। कई स्थानों पर बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात भी हो सकता है।

प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में सराहन में 25.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा खदराला में 14 मिमी, रोहड़ू में 10 मिमी, रामपुर में 3.6 मिमी और चोपाल में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कल्पा में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और बिजली चमकने की घटनाएं भी सामने आईं।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा सावधानी से करने और खुले स्थानों पर बिजली चमकने के समय न रुकने की सलाह दी है।

कृष्णगढ़ पब्लिक स्कूल कुठाड़ का शानदार रिजल्ट, शिवम् और यश ने हासिल किए 92% अंक

error: Content is protected !!