सोलन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्ड डांगरी और चेवा में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दोनों वार्डों में कुल 5 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार जिला परिषद वार्ड नम्बर-6 डांगरी से अनीता ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। वहीं वार्ड नम्बर-7 चेवा से आरती ने भी चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लेते हुए नामांकन वापिस लिया।
अब डांगरी वार्ड में सीधा मुकाबला दो उम्मीदवारों के बीच देखने को मिलेगा। वनिता को ‘ताला और चाबी’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है, जबकि शीला देवी को ‘मेज़ का पंखा’ चुनाव चिन्ह मिला है। स्थानीय स्तर पर दोनों प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है और समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
वहीं चेवा वार्ड में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। किरण को ‘ताला और चाबी’, शारदा कश्यप को ‘मेज़ का पंखा’ तथा सुमन लता को ‘छाता’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद उम्मीदवारों ने गांव-गांव जाकर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार जिला परिषद चुनाव में स्थानीय मुद्दे, विकास कार्य और ग्रामीण सुविधाएं प्रमुख चुनावी मुद्दे बन सकते हैं। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और अधिक तेज होने की संभावना है।
सोलन जिला परिषद चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है और मतदाता भी उम्मीदवारों के चुनावी वादों पर नजर बनाए हुए हैं।
