राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : जिला सोलन के कसौली उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ कुठाड़ के नवनिर्वाचित प्रधान पुष्पेंद्र “पप्पी” तथा उपप्रधान नरेंद्र कुमार “बबलू” ने गुरुवार को पंचायत कार्यालय में आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले दोनों जनप्रतिनिधियों ने 15 जून को शपथ ग्रहण की थी।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर पंचायत कार्यालय में स्थानीय लोगों ने नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रधान पुष्पेंद्र “पप्पी” और उपप्रधान नरेंद्र कुमार “बबलू” ने पंचायत की जनता का उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों के दौरान पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा तथा पंचायत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधान पुष्पेंद्र “पप्पी” ने कहा कि वे पहले भी पंचायत में उपप्रधान के रूप में कार्य कर चुके हैं, इसलिए उन्हें क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की आवश्यकताओं की अच्छी जानकारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंचायत के समग्र विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य किए जाएंगे।
प्रधान ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में बाहर से आने वाले प्रवासियों तथा घर-घर जाकर सामान बेचने वाले व्यक्तियों के लिए पंचायत में प्रवेश से पहले पुलिस सत्यापन (Police Verification) अनिवार्य करवाने का प्रस्ताव पुलिस प्रशासन को भेजा जाएगा। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान राम नाथ वशिष्ठ, पूर्व उपप्रधान पवन कुमार, पूर्व उपप्रधान देव आनंद, पूर्व वार्ड सदस्य ललित मोहन, मनोज कश्यप, संजीव कुमार, डॉ. मदन लाल, मनसा राम, सुदर्शन, ललित कुमार लब्बी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


