सोलन में अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति, प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम, दिव्यांगजन अधिकार संरक्षण अधिनियम 2016 तथा राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के अंतर्गत गठित समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के कल्याण, अत्याचार निवारण मामलों की समीक्षा, दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा अल्पसंख्यक समुदायों के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
राहुल जैन ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के तहत जिले में अब तक 105 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से 47 मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। वहीं 76 मामलों में 105 पीड़ितों को 72.16 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे तथा जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम, छात्रवृत्ति योजनाओं, कौशल विकास भत्ता योजना, विश्वकर्मा योजना और दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण उपलब्ध कराने संबंधी विषयों पर भी विस्तार से समीक्षा की गई।
